सियान गुड़ी में जुटा ‘सहयोग’…. लेमन ग्रास के पौधों का किया रोपण
- ज्येष्ठ नागरिक मंच ने समता कालोनी स्थित सियान गुड़ी में मनाया नववर्ष मिलन
- हल्दी कुंकू के साथ किया सदस्यों का स्वागत, खेले रोचक गेम्स
रायपुर। चौबे कालोनी स्थित ज्येष्ठ नागरिक मंच सहयोग ने नव वर्ष पर संस्था की पहली बैठक रविवार, 4 जनवरी को समता कालोनी स्थित सियान गुड़ी यानी दिव्यांग बालिका विकास गृह में आयोजित की। नववर्ष मिलने के साथ रोचक गेम्स ने कार्यक्रम को और मनोरंजक बना दिया। आयोजन में आए सभी सदस्यों का हल्दी कुंकू लगाकर स्वागत किया गया। वहीं परिसर में लेमन ग्रास के पौधों का रोपण भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत गणेश वंदना के साथ की गई। वहीं जिन सदस्यों का जन्मदिन जनवरी माह में होता है, उन्हें शुभकामनाएं दी गई। जनवरी माह में प्रथम त्योहार मकर संक्रांति आता है, इसलिए मकर संक्रांति निमित्त तिलगुड़ देने का कार्यक्रम भी ग्रुप के वरिष्टतम सदस्य द्वारा किया गया। जिसमें सभी सदस्यों को तिल के लड्डू बांटे गए एवं महिलाओं द्वारा महाराष्ट्रीयन प्रथा अनुसार हल्दी कुंकू लगाया गया।

तत्पश्चात सहयोग की अध्यक्ष अपर्णा काळेले ने विगत 2025 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें उक्त वर्ष में किए गए सामाजिक, धार्मिक, पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों एवं हिंदू तीज त्योहारों का किस प्रकार से मासिक बैठकों में मनाते हुए इस ग्रुप द्वारा आनंद उठाया गया उसका विवरण प्रस्तुत किया।
काळेले ने बताया कि संस्था में वर्तमान में 96 सदस्य हैं। जिसमें कई सदस्य 90 वर्ष के ऊपर के हैं। कार्यक्रमों में उनका उत्साह सभी को प्रेरित करता है। पिकनिक वगैरह में उनका सम्मिलित होना एक आश्चर्य की बात है। सचिव रविंद्र भागवत द्वारा आर्थिक प्रतिवेदन 2025 का वाचन किया गया। जिसमें विगत वर्ष का संपूर्ण खर्च एवं आवक-जावक सब सदस्यों के समक्ष रखा गया।

सदस्य अरविंद वाघ व श्रवण चोरनेल द्वारा कविता पाठ करने के पश्चात दिव्या पात्रीकर एवं दीपांजली भालेराव द्वारा बहुत ही रोचक व मनोरंजक हाऊजी खिलाई गई। जिससे सभी सदस्य बहुत आनंदित हुए है विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। सियान गुडी के संरक्षक श्याम सुंदर खंगन ने सियान गुड़ी योजना के बारे में सभी सदस्य को अवगत कराया। अंत में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर जे एस उरकुरकर के निर्देशन में सियान गुड़ी परिसर में सजावटी पौधों और लेमन ग्रास का भी रोपण किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन दिव्या पात्रीकर द्वारा किया गया। अंत में कार्यक्रम का समापन स्वादिष्ट भोजन के साथ हुआ।