रायपुर

छत्तीसगढ़ में अभी और चढ़ेगा पारा, 5 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जिससे अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बढ़ती गर्मी के बीच इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के बाद केरल पहुंचने के आसार बन रहे हैं। बात राजधानी की करें, तो आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, सिस्टम के कमजोर होने से सोमवार को रायपुर सहित कई इलाकों के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहा। हालांकि, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। राहत की बात यह है कि इस भीषण गर्मी के बीच भी प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाएं चलने, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और हल्की वर्षा होने के आसार अभी भी बने हुए हैं।

सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में रहा।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (चक्रवात) बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्र में भी एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन सिस्टमों के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल में प्रवेश करने की संभावना है, जिसमें मॉडल त्रुटि 4 दिन की हो सकती है।

आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के लोगों को उमस और चुभती गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की सलाह है कि दोपहर के समय सीधे धूप में निकलने से बचें। जून के पहले या दूसरे हफ्ते तक छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री को लेकर स्थितियां और साफ होने की उम्मीद है।