स्कूल चले हम... मंगलवार को खुलेंगे स्कूल.. शिक्षकों को लगानी होगी आनलाइन हाजिरी
रायपुर। प्रदेश में मंगलवार 16 जून से स्कूल खुल जाएंगे। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। मंगलवार से प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल खुल जाएंगे। शासन ने स्कूलों में एक तरफ जहां राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान के साथ राजगीत और सरस्वती वंदना को अनिवार्य कर दिया हैं। वहीं दूसरी तरफ पहले ही दिन से पढ़ाई और शिक्षकों के लिए आनलाइन हाजिरी अनिवार्य कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षक और छात्र दोनों को समय का पूरा पालन करना होगा। गर्मी की छुट्टियों के बाद लापरवाही बरतने वाले स्टाफ पर विभाग की पैनी नजर रहेगी।
इस नए सत्र से हाजिरी को लेकर सबसे बड़ा डिजिटल बदलाव होने जा रहा है । शालाओं के समस्त कर्मचारियों को 16 जून से अपनी उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र द्वारा बनाए गए मोबाइल एप्लीकेशन (VSK App) के जरिए ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। अगर किसी कर्मचारी ने इस ऐप पर अपनी अटेंडेंस दर्ज नहीं की, तो उसकी उपस्थिति शून्य (Absent) मानी जाएगी। विभाग ने दो टूक चेतावनी दी है कि ऐसा होने पर जून महीने का वेतन जारी नहीं किया जाएगा।
स्कूलों के साथ-साथ शिक्षा विभाग के दफ्तरों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी नियम कड़े कर दिए गए हैं। अब दफ्तर के स्टाफ को ‘AEBAS’ (आधार इनेबल्ड बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम) के जरिए ही हाजिरी लगानी होगी। ऐसा न करने वालों की सैलरी भी रोक दी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आहरण एवं संवितरण अधिकारी की होगी।