BREAKING NEWS : सीएम डॉ. भूपेश दंतेवाड़ा के लिए रवाना... नक्सल हमले को लेकर करेंगे समीक्षा... जमीनी स्थिति का करेंगे आकलन
2023-04-27 10:32 AM 279
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. भूपेश बघेल दंतेवाड़ा के लिए रवाना हो चुके हैं। सीएम डॉ. बघेल के साथ गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, सांसद फूलोदेवी नेताम, दीपक बैज और डीजीपी अशोक जुनेजा भी इस दौरे में हैं।
बता दें कि बुधवार को हुए नक्सली हमले के बाद मुख्यमंत्री ने अपने कर्नाटक दौरे के प्रस्तावित कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था। बुधवार को नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में माओवादियों ने सर्चिंग पर निकले डीआरजी जवानों पर घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया, जिसकी जद में आने से डीआरजी के 10 जवानों की शहादत के साथ वाहन चालक की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री डॉ. बघेल ने माओवादियों की इस करतूत की निंदा की है, तो उन्होंने उनकी इस हिमाकत के लिए नहीं बख्शे जाने की बात भी कही है। मुख्यमंत्री डॉ. बघेल कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों में से हैं, जिसकी वजह उनका कर्नाटक दौरा प्रस्तावित था, लेकिन दंतेवाड़ा में हुई नक्सल वारदात और 10 जवानों की शहादत के बाद उन्होंने अपने प्रस्तावित कर्नाटक दौरे को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया और दंतेवाड़ा जाने का फैसला लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में हुए नक्सली हमले के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक ली और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन समीक्षा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू आज नक्सली हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।