मराठा समाज ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात... 20 लाख के आर्थिक सहायता की मिली बड़ी सौगात
2023-04-27 11:30 AM 249
रायपुर। मराठा समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट—मुलाकात कार्यक्रम के दौरान उनसे सामाजिक चर्चा की। समाज के युवा अध्यक्ष लोकेश पवार ने राजधानी में मराठा समाज द्वारा संचालित गतिविधियों से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अवगत कराया। इस बीच सामाजिक भवन की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी दी, जिस पर सीएम बघेल ने गंभीरता से विचार किया और तत्काल 20 लाख रुपए की आर्थिक सहयोग की घोषणा करते हुए सामाजिक भवन के लिए एक बड़ी सौगात दी।
इस संदर्भ में अधिक जानकारी देते हुए मराठा समाज के युवा अध्यक्ष लोकेश पवार ने बताया कि रायपुर में मुख्यमंत्री की भेंट—मुलाकात कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संगठनों से चर्चा का भी समय तय था, जिसमें मराठा समाज के प्रतिनिधियों को मुलाकात का अवसर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिया। युवा अध्यक्ष पवार ने सीएम बघेल को बताया कि मराठा समाज अपने सामाजिक भवन में निरंतर शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों को कराता आ रहा है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस बात से भी अवगत कराया गया कि सालों पहले निर्मित मराठा समाज के भवन की स्थिति अब काफी खराब हो चुकी है, जहां पर अनहोनी का खतरा बना हुआ है। सामाजिक भवन की जीर्णता को लेकर दी गई जानकारी के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया और तत्काल निर्णय लेते हुए 20 लाख के आर्थिक सहयोग की सहर्ष घोषणा की।
इस भेंट मुलाकात के लिए मराठा समाज के प्रतिनिधि मंडल में मराठा मित्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष गुणवंत राव घाटगे, मराठा युवा समाज अध्यक्ष लोकेश पवार, महिला मित्र मंडल अध्यक्षा सुषमा महाड़िक,छ.ग. मराठा समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेंद्र डुकरे, महामंत्री महेंद्र जाधव, युवा समाज के संरक्षक राहुल डुकरे, नीरज इंग्ले, महासचिव मनीष भोंसले, अविनाश शिर्के, सागर वाकड़े, सुमीत ढिगे,जयनारायण कदम, गौरव जाधव उपस्थित रहे।