प्रभा फाउंडेशन ने किया डॉ. दिनेश मिश्रा और अजय काले सहित 51 प्रतिभाओं का सम्मान
रायपुर। स्वर्गीय प्रभा त्रिवेदी जी की स्मृति को समर्पित प्रभा फाउंडेशन द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. दिनेश मिश्रा और महाराष्ट्र मंडल रायपुर के अध्यक्ष अजय मधुकर काले सहित51 प्रतिभावान एवं सेवाभावी व्यक्तित्वों के सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, समाजसेवा, जनसेवा, कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के कार्यों को सम्मानित करना तथा नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पवन साय भाजपा संगठन महामंत्री, बृजमोहन अग्रवाल सांसद रायपुर लोकसभा, राजेश मूणत विधायक रायपुर पश्चिम, पुरंदर मिश्रा विधायक रायपुर उत्तर, मोतीलाल साहू विधायक रायपुर ग्रामीण, मीनल चौबे महापौर रायपुर नगर निगम, प्रभा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ विद्याकांत त्रिवेदी , सचिव डॉ उपेंद्र त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष डॉ उत्कर्ष त्रिवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में विभिन्न श्रेणियों में कुल 51 प्रतिभावान एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। सम्मानित व्यक्तित्वों में समाजसेवा, चिकित्सा, पत्रकारिता, शिक्षा, जनसेवा तथा अन्य सामाजिक एवं महिला सशक्तिकरण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग शामिल रहे। इस सम्मान समारोह के माध्यम से उन लोगों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया, जो अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं।
समारोह का सबसे विशेष एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा डॉ. दिनेश मिश्रा को “लाइफ टाइम अचीवमेंट प्रभा गौरव शिखर सम्मान” से सम्मानित किया जाना। चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया। प्रभा फाउंडेशन की स्थापना स्वर्गीय प्रभा त्रिवेदी की स्मृतियों, संस्कारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। वे डॉ. विद्याकांत त्रिवेदी जी की पत्नी तथा डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी जी एवं डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी जी की माताजी थीं। त्रिवेदी परिवार लंबे समय से होम्योपैथी चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में निःस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं प्रदान करता आ रहा है। इसी सेवा एवं संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रभा फाउंडेशन के माध्यम से समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने की पहल की गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने प्रभा फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करता है। समारोह के सफल आयोजन में प्रभा फाउंडेशन एवं डॉ. त्रिवेदीज होम्योपैथी से जुड़े सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम ने सेवा, संस्कार, सम्मान और सामाजिक समर्पण की भावना को एक नई दिशा देने का संदेश दिया।