रायपुर

खेलों में हैं आपकी रूचि तो आप भी जीत सकते हैं लाखों के इनाम... जानिए कैसे करें क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में पंजीयन

रायपुर। जी.. हां... अगर आपमें खेलों के प्रति थोड़ी भी रूचि है तो यह खबर सिर्फ और सिर्फ आपके ही काम की है। खिलाड़ियों, छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों के बीच खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती संस्था 6वीं क्रीड़ा भारती ज्ञान परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर को किया जा रहा है। परीक्षा आनलाइन मोड पर होगी। इसके लिए प्रतिभागियों को www.kreedabharatikgp.org इस वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीयन करना होगा। 20 रुपये के पंजीयन शुल्क से आप इसमें भाग ले सकते है। वहीं जितने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार भी मिलेगा।

क्राड़ी भारती छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय शर्मा और उपाध्यक्ष सुमीत उपाध्याय ने बताया कि क्रीड़ा भारती भारत का एक राष्ट्रव्यापी खेल संगठन है। इसकी स्थापना वर्ष 1992 में पुणे (महाराष्ट्र) में की गई थी। यह संस्था देश के युवाओं और नागरिकों में शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य करती है।  क्रीड़ा भारती संस्था द्वारा क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी। वर्ष 2026 में इस प्रतियोगिता का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है।

महाराष्ट्र मंडल की आजीवन सभासद और क्रीड़ भारती संस्था से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी रही नीता डूमरे ने बताया कि यह खेल विषय की दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन परीक्षा है। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। इस परीक्षा का आयोजन खिलाड़ियों, छात्रों, अभिभावकों और नागरिकों के बीच खेलों में अधिक रुचि पैदा करने के उद्देश्य से प्रति वर्ष किया जाता है। परीक्षा दिनांक 6 सितंबर 2026 को होगी। परीक्षा के लिए गेटवे सुबह 5 से शाम को 5 बजे तक खुला रहेगा। कोई भी प्रतिभागी पंजीयन करने के बाद 6 सितंबर को निर्धारित समय में कभी भी लागिन होकर पेपर दे सकता है।  प्रतिभागियों को 20 मिनट में 50 विकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।

सुमीत उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये, द्वितीयको 50 हजार और तृतीय को 25 हजार रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। वहीं क्रीड़ा भारती संगठन के 11 क्षेत्रों से एक-एक प्रतिभागी को 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। परीक्षा में 12 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी भाग ले सकता है।