पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के MMTTC में 6 दिवसीय राष्ट्रीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन
रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर द्वारा आयोजित 6 दिवसीय शॉर्ट-टर्म प्रोग्राम "Rejuvenation and Holistic Well-being through Yoga" का समापन समारोह शनिवार को अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस छह दिवसीय आवासीय और राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों से पधारे सहायक प्राध्यापकगणों ने पूरी निष्ठा के साथ हिस्सा लिया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर की निदेशिका प्रोफेसर प्रीति के. सुरेश ने कहा कि योग हमारी प्राचीन सांस्कृतिक थाती है, जो आधुनिक जीवन की भागदौड़ में मानसिक शांति और शारीरिक संतुलन बनाए रखने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इस ज्ञान को अपने महाविद्यालयों और दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रो.राजीव चौधरी ने छह दिनों की अकादमिक यात्रा का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इन छह दिनों में प्रतिदिन चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें योग के वैज्ञानिक आधार, तनाव प्रबंधन, कायाकल्प और सर्वांगीण स्वास्थ्य (Holistic Health) जैसे विषयों पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं व्याख्यान दिए।
समापन सत्र का सबसे आकर्षण केंद्र प्रतिभागी संवाद एवं फीडबैक सत्र रहा। देश के विभिन्न प्रांतों से आए प्राध्यापकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस आवासीय कार्यक्रम को अपने जीवन और शिक्षण करियर के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी और ऊर्जावान बताया। प्रतिभागियों का कहना था कि इस प्रशिक्षण से उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से खुद को पुनर्जीवित (Rejuvenate) करने का अनूठा अवसर मिला है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पूरे उद्घाटन व समापन समारोह का मंच संचालन तथा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बृजेन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, MMTTC परिवार, सभी विषय-विशेषज्ञों और देश भर से पधारे संकाय सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।