रायपुर

छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी वासियों को दी 15.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर कुनकुरी वासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री  साय ने जशपुर प्रवास के दौरान नगर पंचायत कुनकुरी में लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण सहित छठ तालाब के विकास और कायाकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से कुनकुरी में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी में छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नगरों का विकास केवल बुनियादी अधोसंरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी हमारी प्राथमिकता है। इन कार्यों के पूर्ण होने से कुनकुरी के नागरिकों को एक बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

 

                   मुख्यमंत्री  साय द्वारा भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों में छठ तालाब का कायाकल्प विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपए की लागत से छठ तालाब का रिज्युविनेशन कार्य तथा 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपए की लागत से छठ तालाब विकास कार्य कराया जाएगा। इन कार्यों के माध्यम से छठ तालाब परिसर को आकर्षक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक स्वरूप दिया जाएगा। यहां नागरिकों के टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान, योगाभ्यास के लिए निर्धारित स्थल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे छठ तालाब न केवल धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का भी एक सुंदर सार्वजनिक स्थल विकसित होगा।