जमगला धान खरीदी केंद्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया धान खरीदी का शुभारंभ
रायपुर : छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला किसान हैं और उनकी खुशहाली एवं समृद्धि राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने तथा धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत आदिमजाति सहकारी सेवा समिति जमगला के धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री अग्रवाल ने धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं की मेहनत और परिश्रम से ही छत्तीसगढ़ को धान के कटोरे के रूप में विशिष्ट पहचान मिली है। किसानों की समृद्धि से ही गांव, प्रदेश और देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर खेतों में फसल तैयार करते हैं। उनकी मेहनत का सम्मान करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार का दायित्व है। इसी सोच के साथ प्रदेश में धान खरीदी की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का विक्रय कर सके।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों के हितों की रक्षा, कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली आएगी और प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।