रायपुर

छत्तीसगढ़ में फिर पहुंची ED, रायपुर, भिलाई और धमतरी में दी दबिश! खंगाल रहे दस्तावेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह राजधानी रायपुर सहित भिलाई और धमतरी में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की है। सुबह करीब 6 बजे अलग-अलग टीमों ने छापा मारा हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में जांच अधिकारियों ने दस्तावेजों और जरूरी रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू की है।

फिलहाल ईडी की इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि छापेमारी किस मामले से जुड़ी है और किन कारोबारियों या प्रतिष्ठानों को जांच के दायरे में लिया गया है। ऐसे में अब सभी की नजरें ईडी के आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ईडी की अलग-अलग टीमें रायपुर, भिलाई और धमतरी में शुक्रवार सुबह एक साथ पहुंचीं। अधिकारियों ने संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद ली जा रही है। एक साथ तीन शहरों में हुई इस कार्रवाई से कारोबारियों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ईडी के अधिकारी संबंधित ठिकानों पर उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी बरामदगी, नकदी या महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह कार्रवाई किसी पुराने मामले से जुड़ी है या किसी नए प्रकरण में जांच की जा रही है, इस बारे में भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

इससे पहले 30 अक्टूबर 2026 को भी छत्तीसगढ़ में ईडी और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की थी। उस दौरान रायपुर के बैरन बाजार क्षेत्र में अनवर ढेबर के निवास पर भी ईडी की टीम पहुंची थी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) और कोयले से जुड़े मामलों में भी विभिन्न स्थानों पर जांच की गई थी।