ऑनलाइन टोकन व्यवस्था बनी किसानों के लिए राहत, घर बैठे टोकन से धान बेचना हुआ आसान
रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा एवं आर्थिक समृद्धि को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्रों में की गई बेहतर व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह और खुशी का माहौल है। ऑनलाइन टोकन सुविधा, व्यवस्थित तौल एवं उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं से धान विक्रय की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुविधाजनक हुई है।
इसी कड़ी में जिले के ग्राम रतनपुर निवासी किसान ललित कुमार अपनी 30 क्विंटल धान की उपज लेकर रतनपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने ऑनलाइन टोकन सुविधा का लाभ लेते हुए निर्धारित तिथि पर अपनी उपज खरीदी केंद्र पहुंचाई। केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और सुव्यवस्थित खरीदी प्रक्रिया से प्रसन्न किसान ललित कुमार ने शासन की किसान हितैषी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।
शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए संचालित ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस व्यवस्था से किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार सहकारी समितियों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे समय और श्रम की बचत होने के साथ खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने तथा धान उपार्जन कार्य को व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिल रही है।