अग्रसेन महाविद्यालय में 30 नवंबर को होगी कॉमर्स एवं मैनेजमेंट की रिसर्च मॉडल प्रदर्शनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के अंतर्गत महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति द्वारा संचालित अग्रसेन महाविद्यालय, पुरानी बस्ती, रायपुर में 30 नवंबर 2026 को कॉमर्स एवं मैनेजमेंट विषय पर आधारित रिसर्च मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन अग्रसेन महाविद्यालय के IQAC सेल, महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज तथा विवेकानंद महाविद्यालय के कॉमर्स रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य वाणिज्य एवं प्रबंधन के क्षेत्र में हो रहे शोध कार्यों, नए विचारों, अनुसंधान पद्धतियों तथा नवाचारों को एक मंच प्रदान करना है। इसके माध्यम से पीएच.डी. शोधार्थियों को अपने शोध विषयों को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत करने, अपने विचारों को साझा करने तथा अन्य शोधार्थियों एवं शिक्षाविदों के साथ अकादमिक संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
इस प्रदर्शनी में मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में पंजीकृत कॉमर्स एवं मैनेजमेंट विषय के पीएच.डी. शोधार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को अपने जारी शोध कार्य अथवा प्रस्तावित शोध विषय पर मॉडल तैयार कर प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को मॉडल प्रस्तुत करने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रस्तुति हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में की जा सकती है।
आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार ₹7,500, द्वितीय पुरस्कार ₹5,000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹2,500 निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. वी.के. अग्रवाल, एडमिनिस्ट्रेटर और वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार अग्रवाल के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में अग्रसेन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यूलेंद्र कुमार राजपूत महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी और विवेकानंद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज मिश्रा का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के शोध समन्वयकों में अग्रसेन महाविद्यालय से डॉ. शोभा अग्रवाल महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज से प्रोफेसर डॉ. शांतनु पॉल तथा विवेकानंद महाविद्यालय से डॉ. आशीष दुबे शामिल हैं।
आयोजकों ने वाणिज्य एवं प्रबंधन विषय के सभी पीएच.डी. शोधार्थियों, शोधकर्ताओं एवं शिक्षाविदों से इस प्रदर्शनी में सहभागिता करने तथा अपने शोध एवं नवाचारों को प्रस्तुत करने की अपील की है। यह आयोजन शोध संस्कृति को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के बीच अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में प्रतिभागी 30 नवंबर को 11:00 बजे अग्रसेन महाविद्यालय, पुरानी बस्ती, रायपुर में डॉ. शोभा अग्रवाल से संपर्क कर सकते है।समस्त योग्य शोधार्थियों से इस शोधपरक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह है।