रायपुर

सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के सोने एवं चांदी के जेवरात चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

 रायपुर। राजधानी पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात को पार किया था।  आरोपियों से जब्त सोने-चांदी के जेवरों की कीमत तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशोक विहार खमतराई निवासी प्रभात शंकर मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके जीजा अशोक कुमार पाण्डेय शक्तिपारा उरकुरा में रहते है। 24 जून को वे पारिवारिक कार्य़क्रम में शामिल होने उत्तरप्रदेश गए थे। 26 जून को प्रभात शंकर अपने जीजा के घर पहुंचा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। जिसके बाद उसने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इस दौरान पुलिस ने पाया कि पूर्व में चोरी के प्रकरण में सजा काट चुका भूपेंद्र साहू घटना दिनांक को घटना स्थल के आसपास दिखाई दिया था। जिस पर पुलिस ने भूपेंद्र को पकड़ा और पूछताछ की। भूपेंद्र ने अपने साथ गजेंद्र साहू के साथ मिलकर उक्त घर में चोरी करना स्वीकार किया।  पुलिस ने दोनों को आरोपी को गिऱफ्तार कर आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया।