डिप्टी सीएम सिंहदेव का बड़ा बयान... घोषणा पत्र समिति को लेकर कही बात... क्या हैं इसके मायने
2023-07-09 11:11 AM
373
रायपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम बनने के बाद टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान सामने आया है। आसन्न चुनाव को लेकर उन्होंने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है और गेंद सीधे तौर पर पार्टी आलाकमान और शीर्ष नेतृत्व के पाले में डाल दिया है। इस बार घोषणा पत्र के लिए जिस समिति का गठन होना है, उस पर उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा है कि वे इस बार समिति के अध्यक्ष नहीं रहेंगे, लेकिन बतौर सदस्य फीडबैक देने से उन्होंने इंकार नहीं किया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को अब बहुत ज्यादा वक्त नहीं बचा है। चुनाव आयोग की तैयारियां जोरों पर है, जिसका सीधा तात्पर्य है कि इस बार भी छत्तीसगढ़ में चुनाव तयशुदा समय पर ही कराने की तैयारी है। यानी चुनाव की रणभेरी बजने का समय अब काफी नजदीक आ चुका है।
कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए 15 सालों तक संघर्ष किया, तब जाकर सूखा समाप्त हो पाया और जम्बो टीम के साथ कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की थी। उस समय टीएस बाबा ने तन,मन,धन सबकुछ लगा दिया था, जिसका सुखद परिणाम कांग्रेस को हासिल हुआ था। दो राय नहीं कि तब परिस्थितियां वर्तमान से बिल्कुल अलग थीं, पर इन पांच सालों में बदलाव के काफी बयार भी बहें हैं।
इस बीच, जबकि मंत्री से सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाया गया है, उन्होंने अपनी राजनीतिक मंशा स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस पारी में उन्हें अभी उपकप्तान बनाया गया है, अगली पारी में चयन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, पर यदि चयन होता है, तो वे खेलने के लिए तैयार हैं। लेकिन घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष का दायित्व नहीं उठाएंगे।