रायपुर

मुंह पर काला मास्क लगाए... मौन साधना में बैठे रहे सीएम बघेल सहित तीन दिग्गज... साथ देने मौजूद थी हजारों की भीड़

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम सहित हजारों कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मौन सत्याग्रह किया। 

प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर तमाम नेताओं ने मुंह पर काला मास्क लगा रखा था। घंटों तक एक जगह पर बैठे रहे, पर किसी से कोई बात नहीं। अभिवादन करने वालों को भी केवल हाथ जोड़कर अभिवादन का जवाब दिया गया। 
 
सवाल कि आखिर यह मौन सत्याग्रह किसलिए..? तो जवाब है राहुल गांधी की संसद सदस्यता छिने जाने के लिए। दरअसल, राहुल गांधी ने 'मोदी सरनेम' को लेकर जो टिप्पणी की थी, उस मामले को लेकर गुजरात के सूरत में एक याचिका दाखिल की गई। न्यायालय ने उस मामले को लेकर राहुल गांधी को दो साल कैद की सजा सुना दी। 

भले ही राहुल गांधी को तत्काल जमानत मिल गई, लेकिन संसद ने दो साल के जेल की सजा को आधार मानते हुए उनकी संसद सदस्यता को रद्द कर दिया। मामले को लेकर गुजरात हाईकोर्ट में अपील भी हुई, लेकिन वहां भी राहुल गांधी को राहत नहीं मिली। अब केवल सुप्रीम कोर्ट का सहारा है, जिसके फैसले का इंतजार कांग्रेस कर रही है।