मिशन 2023ः आज शाम छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे शाह, बंद कमरे बिछेगी सियासी बिसात
रायपुर। मिशन 2023 को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर आएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार शाह यहां चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बता दें कि एक महीने के भीतर शाह का यह प्रदेश में तीसरा दौरा होगा। वे घोषणा पत्र समिति के सदस्यों ,भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे। इसके बाद आगे चुनावी रणनीति क्या होगी, इसके लिए कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान अमित शाह भाजपा की बेहद महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लेंगे। इस बैठक में अमित शाह के अलावा भाजपा के प्रदेश व चुनाव प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं चुनाव सह प्रभारी मनसुख मंडाविया, भाजपा छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी नितिन नबीन भी शामिल होंगे। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री 22 जून को दुर्ग में आयोजित सभा में शामिल हुए थे। इसके बाद पांच जुलाई को भाजपा के प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे में पदाधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली थी।
बता दें इससे पहले पांच जुलाई को देर रात तक चली बैठक में अमित शाह ने प्रदेश पदाधिकारियों को कई जिम्मेदारियां सौंपी थीं। इसकी प्रोग्रेस रिपोर्ट भी आज पदाधिकारियों से मांगी जाएगी। अमित शाह आज शाम 7:50 बजे राजधानी पहुंचेगे। रात 8:05 बजे भाजपा कार्यालय पहुंच बैठक लेंगे।