छत्तीसगढ़ के संविदाकर्मियों ने... खून से लिखा राहुल गांधी को पत्र... याद दिलाया चुनाव पूर्व किया वादा
2023-07-22 08:19 PM
414
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव की नजदीकी के साथ ही संविदा कर्मियों का आंदोलन और भी ज्यादा उग्रता के साथ आगे बढ़ रहा है। आमरण अनशन और जेल भरो आंदोलन के बाद अब संविदाकर्मियों ने राहुल गांधी को असाधारण पत्र लिखा है। यह पत्र असाधारण इसलिए है, क्योंकि संविदाकर्मियों ने इस पत्र को अपने खून से लिखा है।
राहुल गांधी को पत्र के माध्यम से चुनावी घोषणा को याद दिलाने का प्रयास किया है। संविदाकर्मियों का कहना है कि साल 2018 के चुनाव के समय राहुल गांधी ने इस बात की घोषणा की थी कि सरकार में आने के बाद सभी अनियमित संविदा कर्मियों को नियमितीकरण का लाभ दिया जाएगा।
आमरण अनशन के बाद महिलाओं ने धरना स्थल में अपने खून से नियमितिकरण का पत्र लिखकर राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा कि आपने जो बिंदु क्रमांक 11 में नियमितिकरण का वादा किया था, उसे तत्काल पूर्ण करें। संविदा कर्मचारियों का कहना है कि प्रियंका गांधी ने संविदा प्रथा को अभिशाप बताया था, उसी संविदा प्रथा को समाप्त करने उनके नाम से खून से पत्र लिखा गया।
उनका कहना है कि कांग्रेस ने 2018 में हुए चुनाव के पूर्व वादा किया था, जिसके कारण हमने कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ में बनाई, लेकिन पौने पांच साल बाद भी नियमितिकरण का वादा अधूरा है।