राजधानी में कांवरियों के संग चले शिव—शंभू... गूंजता रहा बोलबम का नारा... अलग—अलग रास्तों से पहुंच रहे भोले के भक्त
2023-07-23 01:26 PM
511
रायपुर। सावन मास में शिवभक्तों का अंदाज ही अलग होता है। राजधानी रायपुर में हर दिन शिव भक्तों की टोलियों को हाथ में जल का कांवर लिए महादेव घाट की तरफ भोले का जलाभिषेक करने जाते देखा जा सकता है।
रविवार को भी देवाधिदेव महादेव के जलाभिषेक के लिए जाने वालों से महादेव घाट का रास्ता भरा हुआ नजर आया। सैकड़ों लोग, जिसमें बच्चे, महिलाएं, पुरूष हाथों में कांवर लिए बोलबम का नारा लगाते हुए मदमस्त कदमों से बढ़ते नजर आए।

इस बीच एक टोली ऐसी भी नजर आई, जिसमें शिव के वेष में एक शख्स नजर आया, जिसके साथ शिव के गण बने हुए भी कुछ लोग थे। भोले के वेष में शख्स रास्ते में भगवान शंकर की तरह कभी धुनी रमा रहा था, तो कभी तांडव की मुद्रा में नजर आ रहा था। इसे देखने वालों की भी संख्या कम नहीं थी।

वहीं दूसरी तरफ डंगनिया सीएसईबी मुख्यालय से होते हुए भी शिवभक्तों की टोली कांवरिए बनकर निकली। डीजे में शिवभक्ति के गीत गूंज रहे थे, तो पैदल चल रहे कांवरिए मस्ती में झूमते हुए बोलबम का नारा लगा रहे थे।