रायपुर

महाराष्‍ट्रीयन गौरव निरीक्षक रहटगांवकर सहित... तीन पुलिस अफसर को मिला... केंद्रीय गृहमंत्री मेडल... सीएम बघेल ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के तीन पुलिस अफसरों को इस साल केंद्रीय गृहमंत्री मेडल के लिए चुना गया। इसमें मराठी समाज के गौरव निरीक्षक आर्शीवाद रहटगांवकर के अलावा निरीक्षक नवीन बोरकर और उप निरीक्षक नीता राजपूत शामिल हैं। इस संदर्भ में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की है, जिसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने तीनों ही पुलिस अफसरों को शुभकामनाएं दी है। 

निरीक्षक आर्शीवाद रहटगांवकर, नवीन बोरकर और उप निरीक्षक नीता राजपूत को एक्सीलेंस इन्वेस्टिगेशन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री मेडल सम्मान से नवाजा गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है, तो इस तरह के सम्मान से महकमे के अन्य अफसरों को प्रेरणा मिलेगी, जिससे प्रदेश में अपरा​ध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस अफसरों की कार्यप्रणाली और भी बेहतर होगी। 

केंद्रीय गृह मंत्री सम्मान के लिए चयनित निरीक्षक रहटगांवकर ने 'दिव्य महाराष्ट्र मंडल' से चर्चा करते हुए बताया कि अपराध चाहे कोई भी हो, यह समाज के लिए कोढ़ की तरह है। किसी भी घर या परिवार का सदस्य जब अपराध की दलदल में धंसता है, तो उसके साथ उसका पूरा परिवार सफर करता है। इसलिए जरुरी है कि लोग अपराध करने से बचे, अपराधी खुद ब खुद कम हो जाएंगे और एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। 

उन्होंने इस सम्मान को लेकर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया, तो राज्य सरकार के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रेषित करते हुए कहा कि प्रदेश में पुलिस के कार्यों को सराहा जा रहा है, जिसकी वजह से हमें बेहतर करने का जज्बा मिलता है।
 
महाराष्‍ट्रीयन गौरव बने आर्शीवाद रहटगांवकर को मिले इस सम्‍मान पर महाराष्‍ट्र मंडल ने उन्‍हें उनकी इस कामयाबी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके परिवार सहित पूरे समाज को बधाई दी है। मंडल अध्‍यक्ष अजय काळे ने कहा कि इस तरह से मिलने वाली कामयाबी हमारे आने वाली पीढियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। साथ ही इस सम्‍मान के हकदार बने अन्‍य दोनों पुलिस अफसरों को भी बधाई दी है।