रायपुर

रविवि में हुई शासकीय और अशासकीय कालेजों के प्राचार्यों की बैठक....नये शिक्षण सत्र को लेकर हुई चर्चा

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आज 21 अगस्त को विवि से संबंद्ध शासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यो का बैठक विश्वविद्यालय परिसर में हुई। बैठक के प्रारभिक चरण में महाविद्यालय विकास परिषद के संचालक एसजे. डहरवाल ने समस्त प्राचार्यो का स्वागत किया। तत्प्श्चात अकादमिक प्रभारी उपकुलसचिव सनत कुमार वर्मा ने समस्त प्राचार्यो को वार्षिक सम्बद्धता, नवीन विषय की संबद्धता, कॉलेज कॉर्नर और पात्रता से संबंधित विषय पर जानकारी दी। इसी तारतम्य में परीक्षा प्रभारी कुलसचिव नरेंद्र वर्मा ने स्थानन्तरित छात्रों के प्रवेश, प्रायोगिक परीक्षा, ऑनलाइन परीक्षा आवेदन, महाविद्यालयों में छात्र सहायता केंद्र स्थापित किए जाने  और छात्रों को उचित मार्गदर्शन देने के संबंध में जानकारी दी।

गोपनीय विभाग के प्रभारी केएस कश्यप ने वार्षिक परीक्षा के परिणाम, पूरक विषय के परीक्षा आदि के संबंध में जानकारी दी।  लंबे समय के बाद ऑफलाइन मोड़ में आयोजित बैठक को कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगीत के अंतिम पंक्ति "विश्व भर की चेतना का स्वर बने" के माध्यम से समस्त प्राचार्यो को विश्वविद्यालय को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए सभी के सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पास समस्त संसाधन उपलब्ध है ,आप सभी के सहयोग से यह संभव है।

आज  विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर उद्यमिता विषय पर विशेष प्रकाश डाला गया। प्राचार्यो को छात्रों पर विशेष ध्यान देने और उनके समस्याओं को त्वरित निदान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों और प्राध्यापकों के बीच स्वस्थ्यवार्ता अवश्य होनी चाहिए।  

विश्वविद्यालय स्तर पर 11वीं और 12वीं के छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया जाता है , उसी तरह महाविद्यालयों को भी अपने आसपास के विद्यालयों के छात्रों को भ्रमण कराने की बात कही। प्राचार्यो की जिम्मेदारी केवल महाविद्यालय तक सीमित नहीं है , वरन उनका उत्तरदायित्व  पूरा समाज है।  सत्र 2024 -25  में स्त्रातकोत्तर पाठ्यक्रम को परिवर्तित्त करने की दिशा में विश्वविद्यालय कार्य कर रहा है।