रायपुर

शिवाजी स्कूल की सेवाभावी पहल... 'एक रोटी गाय के लिए' अभियान का शुभारंभ

रायपुर।  छत्रपति शिवाजी स्कूल, पुरानी बस्ती और प्रोफेसर कालोनी के विद्यार्थी अब से प्रतिदिन अपने साथ घर से टिफिन में एक रोटी गाय के लिए भी लाएंगे। स्कूल में प्रवेश करते ही सबसे पहले इसके लिए बनाए गए विशेष प्रकार के गोल डिब्बे में रोटी डालेंगे फिर प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। इस सेवाभावी पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में जीवदया, जीवसेवा और करुणा की भावना को बढ़ावा देना और देने की खुशी का महत्व समझना है। इस अभियान को "एक रोटी गाय के लिए" नाम दिया गया है ।

इसका शुभारंभ स्कूल परिसर में गुरुवार 31 सितंबर को दोपहर डेढ़ बजे राज्य गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास के मुख्य आतिथ्य और मनोहर गौशाला के संचालक पदम डाकलिया के विशेष आतिथ्य में किया जाएगा। स्कूल संचालक मुकेश शाह ने बताया कि स्कूल की दोनों शाखाओं में प्रतिदिन जमा होने वाली रोटियां गौशाला के साथ साथ सड़कों पर विचरने वाली गौमाताओं को खिलाई जाएगी ।