रायपुर में शिक्षक दिवस पर प्रिंसिपल के खिलाफ... बच्चों ने खोला मोर्चा... हटाने की मांग पर स्कूल में जड़ा ताला
2023-09-05 04:35 PM
629
रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुजनों के सम्मान की परंपरा है, लेकिन रायपुर में आज उल्टी गंगा बही। स्कूली बच्चों ने प्राचार्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन करते हुए छात्र—छात्राओं ने ना केवल प्राचार्य को हटाए जाने की मांग रखी, बल्कि आक्रोशित बच्चों ने स्कूल में ताला भी जड़ दिया।
पूरा मामला विधानसभा परिक्षेत्र के बरौदा गांव का है। यहां गवर्मेंट हाईस्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का आरोप है कि प्रिसिंपल ममता सिंह बेवजह छात्रों को परेशान करती है और टीसी देने की धमकी देती है। ममता सिंह को हटाने की मांग को लेकर स्कूल के सारे छात्र लामबंद हो गए। यहां स्कूल खुलने से पहले गेट में ताला जड़कर छात्र-छात्राओं ने गेट में प्रदर्शन किया।
छात्रों का कहना है कि स्कूल में किसी भी तरह के कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाता। प्रिसिंपल हर कार्यक्रम रद्द करा देतीं है। छात्रों ने बताया कि पिछले एक डेढ़ साल से छात्रों के प्रति उनका बर्ताव ऐसा ही है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
इसकी शिकायत छात्र-छात्राओं ने अपने परिजनों से की और गांव के सरपंच को भी जानकारी दी गई है। उन्होंने भी इस मामले में प्रिसिंपल से बात की लेकिन उनके बर्ताव में कोई बदलाव नहीं आया, उल्टे शिकायत करने पर छात्रों को ही प्रिसिंपल की तरफ से धमकी दी जाने लगी, जिसके बाद आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे स्कूली छात्रों का कहना है कि अगर प्रिसिंपल को हटाया नहीं जाता तो स्कूल से सारे छात्र-छात्राएं खुद अपनी टीसी ले लेंगे। यहां विधानसभा से लगे बरौदा गांव में संचालित हो रहे हाईस्कूल में 9वीं और 10वीं की क्लासेस लगती है और अब प्रिसिंपल की मनामानी रवैये के चलते ये प्रदर्शन किया जा रहा है।