शहर के वास्तुविदों ने मरीन ड्राइव में मनाया वास्तुकला दिवस.... मानव श्रृंखला बना लोगों को ट्रैफिक के लिए किया जागरूक
रायपुर। द इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ आर्किटेक्ट्स रायपुर सेंटर एवं चैप्टर के द्वारा मरीन ड्राइव में विश्व वास्तुविद दिवस मनाया गया। एक अक्टूबर की सुबह 7 बजे से शहर के सभी वास्तुविद एवं आर्किटेक्चर के छात्र-छात्राएं मरीन ड्राइव में इकट्ठा हुए। कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता में ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए जागरूकता पैदा करना था। इस कड़ी में सर्वप्रथम आईआईए के वास्तुविदों एवं छात्रों के द्वारा मानव श्रंखला बनाई गई, जिसमें लगभग सौ से ज्यादा वास्तुविदों एवं छात्रों ने भाग लिया। बतादें कि इंटरनेशनल यूनियन ऑफ़ आर्किटेक्ट्स (UIA ) द्वारा प्रतिवर्षानुसार अक्टूबर माह के पहले सोमवार को वास्तुकला दिवस मनाया जाता है।
जागरूकता अभियान में रायपुर ट्रैफिक पुलिस के द्वारा पूर्ण सहयोग एवं प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पधारे केके भोई (यातायात निरीक्षक ) ने ट्रैफिक नियमों के बारे में कई प्रकार की जानकारियां वास्तुविदों एवं छात्रों के सामने रखी। उन्होंने हेलमेट की अनिवार्यता के बारे में बड़े ही अच्छे तरीके से उदहारण देकर लोगों को जागरूक किया कि इसको पहनना क्यों जरूरी है। भोई द्वारा किसी दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति की मदद करने से किसी प्रकार की कोई पुलिस समस्या नहीं होती बल्कि मदद करने वाले को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है इस बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई।
आम जन को इन ट्रैफिक नियमों से जागरूक करने मरीन ड्राइव में NIT के आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट के छात्रों के द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। जिसमें सड़क पर चलते समय मोबाइल का उपयोग न करना ,दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति की तुरंत कैसे मदद करना, ओवरटेक करते समय नियमों का पालन करना, दुर्घटना होने पर मोबाइल से वीडियो बनाने की जगह तत्काल व्यक्ति की सहायता करने पर ध्यान देना, जैसे अन्य नियमो को लोगो के सामने नुक्कड़ नाटक के जरिये प्रस्तुत किया ,जिसे यातायात निरीक्षक श्री भोई ने खूब सराहा।
आईआईए के द्वारा इस दिवस पर खास तौर से कुछ वास्तुविदों का सम्मान किया गया। जिसमे सर्व प्रथम आर्किटेक्ट संदीप बांगड़े का सम्मान किया गया। जो वर्तमान में एडिशनल डायरेक्टर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के साथ-साथ कौंसिल ऑफ़ आर्किटेक्चर में गवर्नमेंट के प्रतिनिधि है। वास्तुविद राज प्रजापति का भी सम्मान किया गया, जो आईआईए के नेशनल कौंसिल मेंबर है। वास्तुविद नवीन शर्मा का भी सम्मान किया गया, जो कौंसिल ऑफ़ आर्किटेक्चर में सेंट्रल रीजन का प्रतिनिधित्व करते है। इस अवसर पर आईआईए के द्वारा आमजनों को लगभग 500 फ़ूड पैकेट का वितरण भी क्या गया।
कार्यक्रम का समापन वास्तुविद सौरभ रहाटगांवकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से कुसुम जैस्वाल ,प्रवीणा टौंक, अमित पुरवार,अविनाश पात्रा,हर्षित पांडेय ,शशांक निगम ,अखिलेश गुप्ता ,शलभ शर्मा ,अरुण पांडेय,अनंत श्रीवास्तव ,दिलीप पाणिग्रही ,रवि चौहान ,परमप्रीत ,रूही ,आदि उपस्थित थे।