मेट्रो, कलर 777 एवं क्लासिक एक्स 99 ऑनलाईन सट्टा एप के खिला रहे थे सट्टा, पुलिस ने तीन को दबोचा
रायपुर। राजधानी पुलिस ने सेल टैक्स स्थित अपार्टमेंट खम्हारडीह में ऑनलाईन सट्टा संचालित करते तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। तीनों सटोरिए मेट्रो, कलर 777 एवं क्लासिक एक्स 99 नामक ऑनलाईन एप के आईडी से सट्टा संचालित कर रहे थे। आरोपी करण खेमानी पूर्व में भी सट्टा के प्रकरणों में जेल जा चुका है।
एसपी के निर्देश पर सटोरियों के खिलाफ राजधानी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। 15 अक्टूबर को एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को सेलटैक्स कॉलोनी के अपार्टमेंट में ऑनलाईन सट्टा एप पर मोबाईल फोन से सट्टा का संचालन करने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने उक्त मकान में रेड मारी।
रेड के दौरान अपार्टमेंट में 3 व्यक्ति मिले। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम करण खेमानी, दीपक सचदेव एवं आशीष साहू निवासी रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखे मोबाईल फोन को चेक करने पर उनके द्वारा अपने मोबाईल फोन में मेट्रो, कलर 777 एवं क्लासिक एक्स99 नामक ऑनलाईन सट्टा एप में आई.डी. से सट्टा संचालित करना पाया गया।
जिस पर तीनों सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 06 नग मोबाईल फोन एवं लाखों रूपये के सट्टा-पट्टी के हिसाब का कॉपी, ए.टी.एम. कार्ड व अन्य दस्तावेज जप्त कर सटोरियों के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 407/2023 धारा 4क जुआ एक्ट एवं छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 5, 6, एवं 7 का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।