सहयोग के सुमधुर दीपावली मिलन समझ में धर्म ज्ञान की बातें
2023-11-20 02:19 PM
982
रायपुर। चौबे काॅलोनी के वरिष्ठ नागरिक मंच (सहयोग) के दीपावली मिलन समारोह में देशभक्तिपूर्ण और भक्तिपूर्ण गीत पेश किए गए। साथ ही कई सदस्यों ने धर्म आधारित बहुत से प्रसंग सुनाए और उनकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
महाराष्ट्र मंडल में रविवार को सहयोग संस्था की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में करीब 50 सदस्यों ने सपरिवार भाग लिया। सहयोग की दिव्या पात्रीकर के अनुसार समारोह की अध्यक्षता कर रहीं प्रमोदिनी देशमुख ने दीपावली पारिवारिक मिलन जैसे आयोजन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी को दीपावली, आने वाली छोटी दीपावली यानी देवउठनी एकादशी (तुलसी विवाह) की बधाई दी।

श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि समारोह में सदस्यों ने बिना अभ्यास किए बेहतर सुर- ताल के साथ देशभक्तिपूर्ण और धार्मिक गीत और भजन प्रस्तुत किए। कुछ सदस्यों ने तुलसीदास विनय पत्रिका के दोहों का पाठ भी किया। एक सदस्य ने दीपावली पर्व के महत्व को बताया और कहा कि दीप पर्व मनाने की परंपरा सतयुग से कलयुग तक जारी है, समयानुसार इनका स्वरूप बदलता चला गया।

इस मौके पर नवंबर माह में जिन सदस्यों के जन्मदिन हो गए हैं और जिनके आने वाले हैं, उन्हें उपहार देकर लंबी जीवनयात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों को दीपावली गिफ्ट देकर भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिव्या पात्रीकर ने किया। आभार प्रदर्शन श्याम सुंदर खंगन की ओर से किया गया। समारोह के पश्चात सहभोज में सभी सदस्यों ने भाग लिया।