रायपुर

आज होगी छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बैठक.... चुना जाएगा कांग्रेस विधायक दल का नेता

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में हार के बाद सत्ता से बेदखल हुई कांग्रेस अपने विधायक दल की बैठक आयोजित करने जा रही है। 13 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से राजधानी स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में बैठक शुरू होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता का चुनाव हो सकता है।
विधायक दल की बैठक में नवनिर्वाचित 35 कांग्रेस विधायक मौजूद रहेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन भी मौजूद रहेंगे। विधानसभा चुनाव जीतने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री कवासी लखमा, उमेश पटेल और अनिला भेंडिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत शामिल हैं।
2018 में 68 सीटें जीतने वाली कांग्रेस साल 2023 में 35 सीटों पर सिमट गई। जबकि साल 2018 में 15 सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में 54 सीटों के साथ शानदार वापसी की। भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के 9 मंत्रियों और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।