आज दोपहर रायपुर पहुंचेगे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट.... प्रभारी बनने के बाद पहली बार आ रहे छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट गुरुवार को पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे है। वे दोपहर 1.40 बजे की फ्लाइट से नईदिल्ली से रायपुर आएंगे। छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला दौरा है, इसलिए पार्टी की ओर से एयरपोर्ट से लेकर राजीव भवन तक 11 जगहों पर उनका स्वागत किया जाएगा। दो दिवसीय दौरे के दौरान वे प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्ष्यों की बैठक लेंगे। वहीं दूसरे दिन 12 जनवरी को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक लेंगे। उनकी मौजूदगी में लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर मैराथन बैठकों का दौर चलेगा।
प्रदेश कार्यकारिणी, सभी एआईसीसी सदस्य, विधायक, प्रत्याशी, जिला, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ विभाग के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। दूसरे दिन यानी की 12 जनवरी को पायलट राजीव भवन में सुबह 11 बजे से प्रदेश चुनाव समिति की बैठक लेंगे। बैठक के बाद दोपहर 2.15 पर दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इसके अलावा सचिन पायलट विधायक दल से भी मुलाकात होंगे। इस दौरान सभी 11 लोकसभा क्षेत्रों में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की पूरी रिपोर्ट लेंगे। उनके पहले प्रदेश दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी है। इस बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। सभी सीटों को लेकर शुरुआती कार्ययोजना भी तय की जाएगी।
इसके अलावा सचिन सभी संसदीय क्षेत्रों की विस्तृत रिपोर्ट भी लेंगे। सभी विधायक और प्रत्याशियों को भी बुलाया गया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय यात्रा की छत्तीसगढ़ में तैयारियों को लेकर भी रणनीति तय हो सकती है। जिन संसदीय क्षेत्रों और जिलों से होकर यात्रा गुजरेगी, वहां के लिए स्थानीय संगठन और पदाधिकारियों को विशेष जवाबदारी सौंपी जा सकती है।