रायपुर

इलेक्ट्रिक व्हीकल चालकों के लिए अच्छी खबर... राजधानी में 10 स्थानों पर बनेगा चार्जिंग स्टेशन

रायपुर। राजधानी में बढ़ते इलेक्ट्रिक व्हीकल को ध्यान में रखते हुए रायपुर नगर निगम राजधानी के 10 प्रमुख स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाने जा रही है। निगम के बजट के पूर्व एमआईसी की बैठक में कई प्रस्ताव पर मुहर लगी। शहर में बढ़ते ईवी वाहनों को देखते हुए शहर के 10 स्थानों पर पीपीपी मोड पर चार्जिंग स्टेशन बनाने समेत 15 एजेंडों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।

महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में बुधवार को एमआईसी की बैठक हुई, जिसमें नए वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट अनुमानों एवं वित्तीय वर्ष 2023-24 के पुनरीक्षित बजट प्रस्ताव के अनुरूप सर्वसम्मति से सामान्य सभा में रखने की अनुशंसा की गई। एमआईसी ने सभी 10 जोनों से शहरी गरीबी उपशमन एवं समाज कल्याण विभाग के निराश्रित पेंशन योजना के सभी 263 नए प्रकरणों एवं जोन 1, 2, 5, 6, 7, 8, 9, 10 से प्राप्त राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 51 नवीन प्रकरणों को सर्वसम्मति से पारित किया है। इसके साथ ही निगम के महिला बाल विकास में भर्ती के लिए चयनित नामों की अनुशंसा की गई।

सुभाष स्टेडियम परिसर, रायपुर स्मार्ट सिटी ऑफिस परिसर, जवाहर बाजार पार्किंग, मालवीय रोड, गांधी उद्यान पार्किंग, महालक्ष्मी पार्किंग पंडरी के चारों ओर स्थित पार्किंग में, जीई रोड पर सेंट्रल लाईब्रेरी के सामने, आमानाका के पास, जोन 10 कार्यालय, एलआईसी स्टाफ क्वार्टर के पास शंकरनगर, अनुपम गार्डन नेकी की दीवार के पीछे चार्जिंग स्टेशन खुलेगा। संचालन पीपीपी मोड पर होगा। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के साथ एमओयू किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया। इस कंपनी को 10 वर्षों की लीज पर जमीन नगर निगम देगा।