रायपुर

लोकसभा में रायपुर सांसद सुनील सोनी ने उठाया छत्तीसगढ़ में ट्रेनों के रद्द होने का मुद्दा

रायपुर। छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनें लंबे समय से किसी न किसी कारण के चलते रद्द की जा रही है। जिसके यहां से सफर करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस ओर रेलवे प्रशासन का ध्यानाकर्षण कराने के लिए विभिन्न संगठनों ने धरना-प्रदर्शन भी किया लेकिन ट्रेन कैंसिल होने का सिलसिला अब भी जारी है।

ट्रेन यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए रायपुर लोकसभा सांसद सुनील सोनी ने लोकसभा सत्र के शून्य काल में रेलवे से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने ट्रेन की लेटलतीफी और रद्द होने वाली गाड़ियों के संबंध में जनता को हो रही परेशानियों का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से ट्रेनों को समय पर संचालित करने की मांग की।

सुनील सोनी ने कहा कि आजादी के बाद से छत्तीसगढ़ में रेल मंत्रालय को सर्वाधिक राशि करीब 7 हजार करोड़ प्रधानमंत्री द्वारा स्वीकृत की गई है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद भी किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में वंदे भारत जैसी ट्रेनों का संचालन एवं निर्माण किया जा रहा है, जो की अत्यंत प्रशंसनीय है। सांसद ने पहले जिन स्टेशनों में स्टॉपेज होता था वहां फिर से स्टॉपेज की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित करने की मांग की. साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में और फास्ट ट्रेनें चालू हों।