टीवी सीरियल "भाभी जी घर पर हैं" के सक्सेना जी मिले सीएम साय, फिल्म निर्माण पर हुई चर्चा
रायपुर | मुख्यमंत्री निवास में “भाभी जी घर पर हैं” के सक्सेना जी उर्फ़ अभिनेता सानंद वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान सीएम साय ने छत्तीसगढ़ के राजकीय पशु वनभैंसा की सुन्दर कलाकृति भेंट कर सानंद वर्मा का स्वागत किया और छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति, रहन-सहन, खान-पान के बारे में परिचित कराया।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, चित्रकोट जलप्रपात, जशपुर में होने वाली चाय की खेती, अघोर आश्रम, सन्ना में साल पेड़ के जंगल और भरतमुनि नाट्य शाला के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
सीएम साय ने उन्हें बताया कि प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास के 14 वर्ष के लगभग 10 वर्ष दण्डकारण्य क्षेत्र में व्यतीत किये, चंदखुरी स्थित माता कौशल्या धाम के बारे में भी उन्हें अवगत कराया।
बता दें कि सानंद वर्मा टीवी सीरियल “भाभी जी घर पर हैं” में अपने अभिनय के नाम से आम लोगों के बीच काफी चर्चित हैं। इस दौरान विधायक और छत्तीसगढ़ी अभिनेता अनुज शर्मा भी मौजूद रहे।