रायपुर

विश्व रंगमंच दिवस पर 27 मार्च को ‘रंग कविता के’ काव्य पाठों से गूंज उठेगा महाराष्ट्र मंडळ

रायपुर। विश्व रंग मंच दिवस पर महाराष्ट्र मंडल रायपुर और रंगभूमि के संयुक्त तत्वावधान में स्व. य. गो. जोगलेकर स्मृति में 27 मार्च को शाम 7 बजे से महाराष्ट्र मंडळ के मिनी हाल में रंग कविता के’ की प्रस्तुति होगी। जिसमें देशभक्ति एवं सामाजिक जन जागृति की  कविताओं का मंचन रंगभूमि के रंग साधक करते नजर आएंगे। 

रंगभूमि के रंगसाधक लोकेश साहू ने बताया 27 मार्च को विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर शाम 7 बजे महाराष्ट्र मंडल के मिनी हॉल में स्व. य. गो. जोगलेकर स्मृति रंग कविता के अंतर्गत देशभक्ति और सामाजिक जन जागृति की कविताओं के मंचन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की परिकल्पना एवं निर्देशन आचार्य रंजन मोड़क और संगीत तिलक भोगल का रहेगा। रंगभूमि के रंग साधक लोकेश साहू, नितीश यादव, आयुष राजवैद्य, सुमन त्यागी, सुषमा गायकवाड, प्रीति धाकड़े, पूजा देवांगन, रंजना ध्रुव, चैतन्य मोड़क, जयप्रकाश साहू, आकाश वरठी, नीरज सिंह ठाकुर अपनी प्रस्तुती देंगे।

रंगभूमि के रंगसाधक नीरज सिंह ठाकुर ने बताया कि रंगमंच पर किसी भी किरदार को निभाने के लिए भाषाई दक्षता के साथ स्वराघात, निरंतर अभ्यास, वेशभूषा और निरंतर नया करने की होड़ में हम सीखते हैं। इस सबके लिए ऊर्जा रंगमंच से मिलती है। रंगमंच मनुष्य को बहुआयामी बनाता है। रचनात्मकता मनुष्य जीवन को सुगम बनाती है और जब यही रचनात्मकता रंगमंच से जुड़ जाती है तो हमारे मन, दिल, दिमाग़, शरीर के साथ हमारे सम्पूर्ण व्यक्तित्व के विकास में सहायक होती है। इसलिए आज प्रत्येक आयु वर्ग के लिए रंगमंच आवश्यक है।