रायपुर

मल्टीलेवल पार्किंग में बने इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

रायपुर। राजधानी के चार स्थानों पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए गए है। कलेक्टोरेट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में बनाए गए चार्जिंग स्टेशन का आज कलेक्टर डा. गौरव सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी संतोष सिंह, निगम आयुक्त अविनाथ मिश्रा और जिपं सीईओ विश्वदीप भी मौजूद थे। 

शहर के चार स्थानों पर स्थापित इन इलेक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन से चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्जिंग करने की सुविधा न्यूनतम दर पर मिलेगी। चार्जिंग स्टेशन में एक साथ 3 चार पहिया वाहनों के चार्जिंग की सुविधा है, जहां पर 45 मिनट से भी कम समय में वाहन की फुल चार्जिंग हो जाएगी।

बता दें कि इन चार्जिंग स्टेशन की कैपेसिटी 142 किलोवाट है। सभी फास्ट और एसी चार्जर है। इसके अलावा जयस्तंभ चौक मल्टीलेवल पार्किंग, आईएसबीटी परिसर और नगर निगम मुख्यालय में भी इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन संचालित है। सभी स्टेशनों पर 3 गन वाले चार्जर स्थापित किए गए हैं. चार्जिंग स्टेशन पर वाहन मालिक से प्रति यूनिट 18 रुपए का शुल्क निर्धारित है।