रायपुर

गुढ़ियारी बिजली यार्ड में लगी आग की जांच पूरी... जांच समिति ने प्रबंध निदेशक को सौंपी रिपोर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुढियारी स्थित बिजली कंपनी के यार्ड में अप्रैल महीने में आग लगने की घटना के लिए बनाई गई जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। बताया जा रहा है कि इस घटना में बिजली कंपनी को लगभग 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुई। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट बिजली प्रबंधन को सौंप दी है।

बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक आरके शुक्ला के मुताबिक जांच रिपोर्ट उनके पास आ गई है। बहुत जल्द ही जांच रिपोर्ट का अध्ययन कर जो भी दोषी पाए गए हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । वहीं इस घटना की जांच और जांच समिति पर बिजली कर्मचारी महासंघ ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिजली कर्मचारी महासंघ के सलाहकार अरुण देवांगन के मुताबिक महासंघ ने इस घटना के लिए बनाई गई जांच समिति से मिलने का समय मांगा था। ताकि वो अपने सुझाव दे सकें, लेकिन समिति ने उन्हें मिलने का समय दिया गया। कर्मचारी महासंघ के मुताबिक जांच समिति ने नुकसान का आंकलन सही बताया है, लेकिन इस घटना के लिए जिम्मेदार कुछ लोगों को बचाने का प्रयास भी किया गया है।

बता दें कि 5 अप्रैल को रायपुर में राज्य के स्वामित्व वाली छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) की भंडारण सुविधा में भीषण आग से लगभग 50 करोड़ रुपये के ट्रांसफार्मर और बिजली के उपकरण जल कर खाक हो गए थे, जिसके कारण पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया था।