रायपुर

सुकमा जिले के टेटराई – तोलनाई के जंगल में मुठभेड़... एक लाख का ईनामी नक्सली ढेर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र अंर्तगत टेटराई तोलनाई के जंगल में कोंटा एरिया कमेटी के इंचार्ज/सचिव वेट्टी मंगडू, एरिया कमांड इन चीप हितेश, मिलिशिया कमांड इन चीप सोड़ी गजेन्द्र, सोड़ी मंजुला, दुर्गे कोसी, दुधी हूंगा समेत 15-20 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था।

शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, दोनों तरफ से लगभग 20-25 मिनट तक हुई गोलीबारी में जवानों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया है। पुलिस के बढ़ते दबाव को देखकर नक्सली जंगल-पहाड़ी की आड़ लेकर भाग खड़े हुए। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की सर्चिग करने पर 1 नक्सली का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही एक भरमार बंदूक, बडी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई। मारे गए नक्सली की पहचान दुधी हुंगा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नक्सल संगठन से जुड़ा था। इस पर कुल एक लाख दस हजार का इनाम घोषित था।

जवान व ग्रामीण के हत्या की वारदात में शामिल 2 नक्सली गिरफ्तार

वहीं दूसरी ओर बीजापुर जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत हत्या की वारदात में शामिल फरार नक्सलियों की पता तलाश एवं सूचना के आधार पर जैगुर से 2 नक्सलियों दशरू आरकी (डीएकेएमएसअध्यक्ष) पिता सोमा आरकी उम्र 32 वर्ष निवासी जैगुर नरगोपारा थाना जांगला एवं मंगलू कवासी (मिलिशिया डिप्टी कमाण्डर) पिता मंगडू कवासी उम्र 30 वर्ष निवासी जैगुर डोंगरपारा थाना जांगला को गिरफ्तार किया गया है।