रायपुर

तपती गर्मी में मैत्री बाग के जानवर भी बेहाल, प्रबंधन ने शेर के लिए बनाया कृत्रिम वाटर फॉल

रायपुर।  इन दिनों नौतपा के कारण पारा चौथे आसमान पर है। तेज गर्मी से आम लोगों के साथ जानवर भी परेशान हैं। इस बीच भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित मैत्री बाग के चिडियाघर में भी जानवरों का हाल बेहाल है। मैत्रीबाग के चिड़ियाघर में मौजूद जनवरों को तपती गर्मी से बचाने विशेष प्रबंध किए गए हैं। चिड़ियाघर में सफेद शेर के लिए प्रबंधन ने कृत्रिम वॉटर फॉल बनाया है जिससे इन्हें राहत मिल रही है। इसी प्रकार अन्य जानवरों के लिए भी अलग अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।

उपमहाप्रबंधक (उद्यानिकी) एवं मैत्रीबाग प्रभारी डॉ नवीन कुमार जैन ने बताया कि हीट वेव से चिड़ियाघर के वन्यप्राणियों की रक्षा हेतु वातावरण को ठंडा रखा जाता है। मैत्रीबाग चिड़ियाघर में वर्तमान में करीब 340 वन्य प्राणियों को रखा गया है। इन वन्य प्राणियों को गर्मी से बचाने के लिए मैत्रीबाग प्रबंधन द्वारा प्रत्येक वर्ष विशेष प्रबंध किये जाते हैं। जिसके लिये कृत्रिम झरने, तथा स्प्रिंकलर आदि विभन्न माध्यमों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है जिससे जानवरों को ठंडक का अहसास होता है।

डॉ जैन ने बताया तपती गर्मी में जानवरों के खाने-पीने में भी मौसम के अनुरूप बदलाव किये गए हैं जिससे उनके शरीर में ठंडक बनी रहे और इनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े। बंदरों और अन्य जानवरों के भोजन में तरबूज, ककड़ी एवं खरबूजा जैसे फलों को शामिल किया गया है। इसके अलावा जानवरों के लिए पानी की भरपूर व्यवस्था की गई है जिससे कोई भी जानवर प्यासा न रहे। चिड़ियाघर में मौसम के हिसाब से जानवरों के खानपान में आवश्यक बदलाव किए जाते हैं।