रायपुर

पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण तीरथगढ़ जलप्रपात में बनेगा ग्लास ब्रिज, पुणे की कंपनी करेगी सर्वे

रायपुर | बस्तर जिले के तीरथगढ़ जलप्रपात को और अधिक आकर्षित बनाने के लिए, कांगेरघाटी राष्ट्रीय उद्यान की ओर से पर्यटकों की सुविधा के लिए तीरथगढ़ में ग्लॉस ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पुणे की कंपनी पहुंचकर सर्वे का कार्य करेगी। साथ ही ग्लॉस ब्रिज बनने से ऊंचाई पर खड़े होकर झरना देखना और भी आन्दित करेगा | इस ब्रिज के खुलने के बाद निश्चित तौर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुनगाबहार नदी पर स्थित यह जलप्रपात चन्द्राकार रूप से बनी पहाड़ी से 300 फिट नीचे सीढ़ी नुमा प्राकृतिक संरचनाओं पर गिरता है, पानी के गिरने से बना दूधिया झाग एवं पानी की बूंदों का प्राकृतिक फव्वारा पर्यटकों को मन्द-मन्द भिगो देता है। छत्तीसगढ़ के सबसे ऊंचे झरनों में से एक तीरथगढ़ जलप्रपात कांगेर घाटी नेशनल पार्क में स्थित है।

इंद्रावती टायगर रिजर्व जगदलपुर के मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीवन) एवं क्षेत्रीय निदेशक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि, कांगेरघाटी राष्ट्रीय उद्यान स्थित तीरथगढ़ झरना को पर्यटकों की सुविधा के लिए ग्लॉस ब्रिज का निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए पुणे की कंपनी रविवार को जगदलपुर पहुंचकर तीरथगढ़ का सर्वे कार्य करेगी।