रायपुर

मुख्यमंत्री भवन में हाईलेवल बैठक शुरू : सीएम साय, डिप्टी सीएम शर्मा और साव के साथ सतनामी समाज के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद

रायपुर | बलौदाबाजार जिले में सोमवार को उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाते हुए कलेक्टर और एसपी कार्यालय को जलाकर राख कर दिया | घटना के बाद से शहर में धारा 144 लागू है | प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस पर नजर बनाए हुए हैं | उन्होंने देर शाम डीजीपी और सीएस को तलब कर मामले की जानकारी ली थी और आईजी को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिए थे | आज मुख्यमंत्री ने अपना जशपुर जिले का दौरा कार्यक्रम रद्द कर दिया और बलौदाबाजार मामले में मुख्यमंत्री भवन में हाईलेवल बैठक बुलाई है | बैठक में डिप्टी सीएम विजय शर्मा और अरुण साव समेत सतनामी समाज के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद हैं |

बलौदाबाजार हिंसक प्रदर्शन के बीच देर रात 1 बजे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा, राजस्व मंत्री टंकराराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल समेत जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर ऑफिस पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का अवलोकन किया था | इस दौरान तीनों मंत्रियों ने घटना की निंदा की है | वहीं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि घटना की पूरी जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा |

15 और 16 मई की दरमियानी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने गिरौधपुरी धाम में सतनामी समाज के धार्मिक स्थल के पूज्य जैतखाम में तोड़फोड़ की थी | इस  मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था | पुलिस की इस कार्रवाई से सतनामी समाज के लोग असंतुष्ट थे और न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे | इस बीच सोमवार को गृहमंत्री विजय शर्मा ने न्यायिक जांच की घोषणा की थी | वहीं जैतखाम में तोड़फोड़ के विरोध में हजारों लोग बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट के पास एकत्र हुए और जमकर हंगामा किया | जहां प्रदर्शन हिंसक हो गया | जिसके बाद उपद्रवियों ने तांडव मचाते हुए कलेक्टर और एसपी कार्यालय को आग के हवाले कर दिया | इस घटना में वहां मौजूद 20 - 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनमें से गंभीर घायल पुलिस कर्मियों को रायपुर रेफर किया गया है | शहर में स्थिति सामान्य बनी हुई है | पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है |