रायपुर

नारायणपुर मुठभेड़ में शहीद जवान को सीएम साय ने दी श्रद्धांजलि, घायल जवानों से भी मिले

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बटालियन पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। शहीद जवान नितेश एक्का के पार्थिव शरीर को बटालियन में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया था। सीएम साय व उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए शहीद जवान को नमन किया।

बता दें नारायणपुर के अबूझमाड़ में दो दिन तक सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। अबूझमाड़ के कुतुल, फरसबेड़ा, कोड़तामेटा इलाके में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद नारायणपुर-कोंडागांव-कांकेर-दंतेवाड़ा डीआरजी, एसटीएफ और आईटीबीपी 53वीं बटालियन के 1400 जवानों द्वारा संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। इस मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर हो गए। वहीं एसटीएफ जवान  नितिश एक्का (27) निवासी जशपुर शहीद हो गया। वहीं घायल जवान लेखराम नेताम (28) निवासी धमतरी व जवान कैलाश नेताम (33) निवासी कोंडागांव घायल हैं।

शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा नक्सली मुठभेड़ में घायल जवानों से मुलाकात करने रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद सीएम साय ने घायल जवानों से बात की और उनका मनोबल बढ़ाया। इसके बाद डॉक्टरों को बेहतर इलाज का निर्देश भी दिया।