अब तीरथगढ़ जल प्रपात की खूबसूरती आप निहार पाएंगे : ग्लास ब्रिज से
बस्तर में 5 करोड़ की लागत से बनेगा ग्लास ब्रिज
पर्यटक करीब से निहार पाएंगे तीरथगढ़ जल प्रपात की खूबसूरती
रायपुर | बस्तर के कांगेर वैली नेशनल पार्क में पर्यटन की दृष्टि से बनाये जाने वाले ग्लास ब्रिज का सर्वे पूरा हो गया है | करीबन 5 से 6 करोड़ की लागत से तीरथगढ़ जल प्रपात के सामने बनाए जाने वाले ग्लास ब्रिज की बदौलत पर्यटक सुरक्षित तरीके से जल प्रपात की पूरी खूबसूरती को निहार पाएंगे |
बारिश के मौसम में तीरथगढ़ जल प्रपात अपने रौद्र रूप में नजर आता है | उस वक्त पर्यटक इसे करीब से देखना तो चाहते हैं, लेकिन खतरे की वजह से जलप्रपात के करीब जाने से विभाग ने रोक लगा रखी है | कांच का ब्रिज बन जाने से पर्यटक बारिश के समय में भी तीरथगढ़ को करीब से देख पाएंगे |
यह ग्लास ब्रिज 5 से 6 करोड़ की लागत से बनाई जाएगा | 2025 तक यह ब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा | हालांकि, इस ब्रिज से तीरथगढ़ का लुत्फ उठाने वाले पर्यटकों को टिकट लेना होगा, जिसकी दर आने वाले दिनों में तय की जाएगी |
सीसीएफ राजेश पांडे का कहना है कि तीरथगढ़ जल प्रपात में ग्लास ब्रिज बन जाने से पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी | यह ब्रिज लगभग 150 से 175 मीटर लंबा होगा | इस प्रकार के ब्रिज भारत में गिने-चुने जगह ही बने हैं | इस लिहाज से ब्रिज के बन जाने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की पूरी संभावना है |