रायपुर

पूर्व महापौर के नाम से जाना जाएगा आक्सीजोन.... तात्यापारा-जयस्तंभ चौक मार्ग का होगा चौड़ीकरण

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्थित आक्सीजन की पहचान अब रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर तरुण चटर्जी के नाम पर होगी। इसे लेकर एमआईसी की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव एमआईसी सदस्य आकाश तिवारी ने लाया था। इसके साथ तात्यापारा से शारदा चौक होते हुए जय स्तंभ तक चौक लंबित सड़क चौड़ीकरण कार्य पर भी बैठक में चर्चा की गई। जिसका काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है। वहीं रायपुर की लाइफ लाइन तेलीबांधा चौक से टाटीबंध चौक तक हाईवे में प्रापर लाइट व्यवस्था पर चर्चा की गई।

नगर निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर की अध्यक्षता में नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन में संपन्न हुई। बैठक में नियमानुसार निर्धारित 10 एजेण्डों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

शहर के तात्यापारा से जय स्तंभ चौक के सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे पर एमआईसी के सदस्यों ने चर्चा की। बैठक में जानकारी दी गई कि शारदा चौक से फूल चौक होते हुए तात्यापारा चौक तक दोनों ओर स़डक चौडीकरण हेतु प्रस्तावित मार्ग की लंबाई कुल 500 मीटर है। जिसमें पुनर्विलोपित योजना 2031 (मास्टर प्लान) के अनुसार 24 मीटर चैड़ा किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में मार्ग की चुडाई लगभग 14.30 मीटर से 19.50 मीटर तक है। इस भाग में यातायात का बहुत ज्यादा दबाव रहता है।  महापौर एजाज ढेबर ने बैठक में जानकारी दी कि इस संबंध में वे उपमुख्यमंत्री अरूण साव, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, नगरीय प्रशासन एवं विकास सचिव डा. बसव राजू एस, से नगर निगम के एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों सहित मिलकर उन्हें पूरी जानकारी दे चुके है।

बैठक में एमआईसी सदस्य आकाश तिवारी की मांग पर शहर में स्थित आक्सीजोन उद्यान का नामकरण पूर्व मंत्री एवं पूर्व महापौर स्व. तरूण चटर्जी के नाम पर किये जाने के प्रस्ताव की पारित किया गया। इसी प्रकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पी. जगन्नाथ राव नायडू के नाम पर श्मशानघाट काली मंदिर से मेडिशाईन अस्पताल तक मार्ग का नामकरण किये जाने के प्रस्ताव पारित किया गया।