छत्तीसगढ़

खेत में पेड़ पर लटकती मिली SECL कर्मी की लाश... हत्या या फिर आत्महत्या... सच तलाश रही पुलिस

कोरबा। जिले के कुचेना गांव के एक खेत में एसईसीएल (SECL) कर्मी की लटकी हुई लाश मिली है, जिसकी वजह से इलाके में सनसनी फैल गई है।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों के सामने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है और प्रारंभिक जांच शुरु कर दी गई है। मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का, इस पर रहस्य बरकरार है। मृतक एसईसीएल में डम्फर ऑपरेटर के तौर पर पदस्थ था। 

मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा थाना अंतर्गत कुचेना गांव से दूर खेत के मेढ़ में लगे परसा के पेड़ की टहनी पर ग्रामीणों ने फांसी पर लटकती लाश देखी। मृतक की शिनाख्त ग्राम कुचेना निवासी सुरेंद्र कंवर के तौर पर की गई। 
 

मृतक के भाई विजेंदर ने बताया कि सुरेंद्र शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। रोज की तरह वो काम पर गया हुआ था। ड्यूटी खत्म होने के काफी देर होने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को लगा कि काम की वजह से नहीं लौट पाया होगा। जिसके बाद सुबह जानकारी मिली कि उसकी लाश फांसी पर लटकी हुई मिली है। परिजनों की माने तो मृतक शराब भी पिता था। कुछ दिनों पहले ही वेतन मिला था और शराब भी पी रहा था, लेकिन वह काम पर भी जाता था। 

बहरहाल मामले को जांच में ले लिया गया है। कुसमुंडा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया है, लेकिन जांच के बाद ही अंतिम सत्य सामने आने की बात कही है।