दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मराठी मेले में आकर्षित कर रहे स्‍टाल..... खाद्य स्टाल के साथ दीवाली के सजावटी सामान की अच्छी डिमांड

- झुनका भाकर, मुगौड़ी से लेकर वड़ा पाव तक स्‍वादिष्‍ट नाश्‍ते ने भी लोगों को बना रखा है दीवाना, स्‍टाल पर मिलेट्स के आयटम ने भी खींचा ध्यान

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के 92वें स्‍थापना दिवस पर धूमधाम से शुरू हुए तीन दिवसीय मराठी मेले में एक से एक स्‍टाल लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। इसकी बड़ी वजह दिवाली त्‍योहार से पहले जरूरी डेकोरेटिव सामानों की खरीदी होने वाले स्‍टाल हैं, जिसमें बेहतरीन डिजाइनर ड्रेस, महिलाओं के आर्टिफिशियल आर्नामेंट्स, घर सजाने के सैकड़ों साजो सामान, आकर्षक दीये, मोमबत्‍ती, आर्टिफिशियल फ्लावर सहित और भी बहुत कुछ। वहीं बच्‍चों से लेकर किशोर वय और युवाओं को परंपरागत व अत्‍याधुनिक स्‍वादिष्ट व्‍यंजनों के स्‍टाल लुभा रहे हैं।

स्‍टाल को लेकर उपाध्‍यक्ष गीता श्‍याम दलाल ने बताया कि हफ्ते भर पहले ही महाराष्‍ट्र मंडल में मराठी मेले के स्‍टाल की बुकिंग शुरू होने के कुछ घंटों में खत्‍म हो गई। वैसे भी विविध उपयोगी सामग्रियों के स्‍टाल दो केटेगरी एसी वाले डायनिग हॉल एरिया में और नान एसी वाले स्टाल लॉन एरिया में लगाए गए हैं। इन स्‍टाल्स की विशेषता यही है कि यहां रेडिमेड नौवारी साड़ी लगभग हर राज्‍यों के पारंपरिक परिधान से लेकर ऐसे बहुत डिजाइनर वस्‍त्र उपलब्‍ध हैं, जो रायपुर के बाजारों में आसानी से उपलब्‍ध नहीं है।

मेस प्रभारी चेतन दंडवते ने बताया कि झुनका- भाकर, वड़ा-पाव जैसी कई परंपरागत मराठी नाश्‍ते के साथ यहां दीपावली के व्‍यंजनों ने मराठी मेले में आए लोगों को खासा प्रभावित किया है। यही नहीं जनरल और स्‍पेशल नाश्‍ते की व्‍यवस्‍था भी स्‍टाल्‍स में है। इसके अलावा मिलेट्स आइटम  ग्राहकों को लुभा रहे हैं। इधर बच्‍चों के लिए मनोरंजक गेम्‍स के स्‍टाल भी लगाए गए हैं। मिकी माउस, जंपिंग जैक में बच्‍चे खूब उछलकूद कर रहे हैं। साथ ही मराठी मेले में तीनों दिन नि:शुल्‍क स्‍वास्‍थ्‍य शिविर की विशेष व्‍यवस्‍था की गई है। इनमें एलोपैथिक, होमियोपैथी और आयुर्वेदिक विधा की मुफ्त जांच व परामर्श देने की प्रक्रिया जारी हैं।

आकर्षित कर रही रंगोली

नृत्‍य- कला- क्राफ्ट समिति के पुरुष प्रभारी शेखर क्षीरसागर के साथ महिला प्रभारी अनिता लांगे, सोनाली कुलकुर्णी और श्रेया टल्‍लू की टीम ने कई घंटों की मेहतन के बाद आठ बाय आठ फीट की बेहद खूबसूरत रंगोली बनाई। महाराष्‍ट्र मंडल के 91 वर्ष पूरे होने से लेकर मराठी सोहळा तक का संदेश देती यह चटख रंगों वाली रंगोली मुख्‍य लॉबी में पहुंच रहे हर कला प्रेमी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।