Naxal in Chhattisgarh: नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे 9 वाहनों को फूंका, जानिए किस जिले की हैं घटना
2023-03-20 11:47 AM
260
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कांकेर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर से जमकर उत्पात मचाया। नक्सलियों ने जिले में सड़क निर्माण में लगे नौ वाहनों में आग लगा दी है। आग लगने की वजह से कई वाहन खाक हो गए। नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे आठ ट्रैक्टर और एक जेसीबी में आग लगाई है। नक्सलियों द्वारा घटित यह घटना बीते रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात की है। सुबह आगजनी की जानकारी सड़क निर्माण में लगे लोगों को हुई।
कांकेर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र आलपरस में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसका विरोध नक्सली कर रहे थे। इसी के चलते नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे जेसीबी और ट्रैक्टरों को आग के हवाले कर दिया। चीलपरस में स्थापित नए कैम्प से महज कुछ दूरी पर नक्सलियों ने आगजनी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि नक्सली पिछले करीब 15 दिनों में बस्तर संभाग के अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कुछ दिन पहले बीजापुर में सड़क निर्माण में लगे वाहनों में नक्सलियों ने आग लगाई थी. पिछले महीने सुकमा के जगरगुंडा में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर जवानों को निशाना बनाया था। अब कांकेर में सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों में आगजनी की है।