छत्तीसगढ़

ट्रेनी सब इंस्पेक्टर दौड़ते वक्त बिगड़ी तबीयत, मौत.... तीन दिन बाद होने वाली थी नियुक्ति

रायपुर।  चंद्रखुरी पुलिस ट्रेनिंग में प्रशिक्षण ले रहे एक सब इंस्पेक्टर की आज सुबह दौड़ के दौरान तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सब इंस्पेक्टर भर्ती से सलेक्ट हुये अभ्यथिर्यों का प्रशिक्षण एक सप्ताह पहले चंद्रखुरी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में शुरू हुआ था। सुबह-सुबह सभी अभ्यर्थी दौड़ रहे थे। इस दौरान कुछ दूर पहुंचते ही अभ्यर्थी राजेश कोसरिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद प्रशिक्षण अधिकारियों ने आनन-फानन में राजेश को उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों ने पुलिस से जांच की मांग की है।

बता दें कि 10 मार्च को ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजेश कोसरिया को नियुक्ति पत्र देने वाले थे। इससे पहले उनकी मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मौत का कारण क्या था। इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।