छत्तीसगढ़

16 नक्सलियों का एनकाउंटर : सुकमा के जंगल में सुबह से जारी है मुठभेड़, दो जवान भी घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार को नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। शनिवार की सुबह से मुठभेड़ जारी है और इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। सुरक्षाबलों ने इस दौरान 16 नक्सलियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है। सुरक्षाबलों ने मौके से एसएलआर सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा पर उपमपल्ली केरलापाल इलाके के जंगल में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए। आईजी सुंदरराज पी ने 16 नक्सलियों के शव बरामद होने की पुष्टि की है। वहीं मौके पर भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। मुठभेड़ में दो जवानों को मामूली चोटें आईं हैं। खबर है कि इस मुठभेड़ में डीवीसीएम जगदीश ढेर हो गया है।

सुकमा पुलिस के मुताबिक, जिले के थाना केरलापाल क्षेत्र में माओवादियों के उपस्थिति की सूचना पर 28 मार्च को जिला सुकमा डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त पुलिस पार्टी नक्सल विरोधी सर्च अभियान में रवाना हुए। अभियान के दौरान शनिवार की सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रूक-रूक कर मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ स्थल और आसपास क्षेत्रों की सुरक्षाबलों द्वारा सघन सर्चिंग जारी है। जवानों ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेर रखा है। मुठभेड़ में डीवीसीएम केडर के नक्सली जगदीश के भी मारे जाने की खबर है। हाल ही में 25 लाख का नक्सली सुधाकर भी मार गिराया गया था। मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं, जिन्हें सुकुमा के स्थानीय अस्पताल में लाया गया है।

इधर बीजापुर जिले में शनिवार तड़के नक्सलियों के लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में एक महिला घायल हो गई है। पुलिस के अनुसार यह विस्फोट सुबह करीब 6.30 बजे भैरमगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के बोडगा गांव के पास हुआ था। बताया जा रहा है कि महिला महुआ फल इकट्ठा करने के लिए जंगल गई हुई थी। महुआ बीनकर महिला जंगल से लौट रही थी, तभी वह आईईडी के संपर्क में आ गई, जिससे विस्फोट हो गया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।