तरबूज के नीचे छुपा रखा था दो करोड़ रुपये का गांजा, पन्ना मध्यप्रदेश ले जाने की थी तैयारी
2023-03-27 11:18 AM
258
रायपुर। ओडिशा से मध्य प्रदेश और उत्तरप्रदेश में गांजा ले जाने वाले कारीडोर का बड़ा स्टापेज है छत्तीसगढ़ का महासमुंद जिला। जिले की सरायपाली पुलिस ने इस बार माजदा ट्रक में दो करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया है। आरोपी ट्रक में तरबूत के नीचे छिपाकर गांजा की तस्करी कर रहे थे। सरायपाली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले की सरायपाली पुलिस ने सूचना पर हाईवे पर स्थित बालसी पेट्रोल पंप के पास नाकेबंदी की। कुछ देर बाद पतेरापाली रोड की ओर से एक लाल रंग का माजदा एमपी 19 जीए 5058 को आते देखा। जिसे संदेह के आधार पर रोका गया। गाड़ी में तरबूज लोड था। ट्रक में दो व्यक्ति बैठे थे, जिन्हें नीचे उतारकर उनका नाम-पता पूछने पर अपना नाम पप्पू पाल और लीलाधर पाल, साकिन बसाई, जिला पन्ना मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया। पुलिस के देख दोनों के चेहरे के हाव भाव बदले नजर आए। जिसके बाद पुलिस ने तरबूज को हटाकर वाहन की तलाशी ली, तब उसमे भरी मात्रा में गांजा की खेप मिली।
वाहन को थाना लाकर गांजा को उतारा गया। तौलाई करने पर उसका वजन 10 क्विंटल 50 किलो निकला, जिसकी बाजार में कीमत 2,10,00,000 (दो करोड़ दस लाख रुपये) बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ ही उसके परिवहन में इस्तेमाल माजदा ट्रक को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सरायपाली में उनके खिलाफ धारा 20 (ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।