बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर से सोमवार को एक बार फिर दुखद समाचार सामने आया है। माओवादियों के बिछाए मौत के जाल में आज एक और जवान चपेट में आकर शहीद हो गए हैं। शहीद सहायक प्लाटून कमांडर विजय यादव आज सुबह करीब 8 बजे सड़क निर्माण सुरक्षा के लिए अपनी टीम के साथ रवाना हुए थे, इसी दौरान मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड़क से लगी टेकरी में आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसके चपेट में एपीसी विजय यादव आ गए।
जानकारी के मुताबिक, सीएएफ ( छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) कैंप एटेपाल और सीएएफ कैंप तिमेनार के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसी वजह से सुरक्षा प्रदान करने के लिए तिमेनार कैंप से जवानों की टुकड़ी सोमवार सुबह करीब 8बजे के आस-पास निकली थी। बताया जा रहा है कि जवान अभी एटेपाल कैंप से 1 किमी दूर पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क से लगी टेकरी में आईईडी ब्लास्ट हुआ। जिसकी चपेट में 19वी वाहिनी डी कंपनी तिमेनार के एपीसी विजय यादव (सहायक प्लाटून कमांडर) आ गए।
इस ब्लास्ट की वजह से एपीसी विजय यादव मौके पर शहीद हो गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाने का भी मौका नहीं मिल पाया। आस-पास मौजूद जवानों ने इसकी जानकारी तुरंत सीनियर अधिकारियों को दी। जिसके बाद से आस-पास सर्च ऑपरेशन जारी है। शहीद जवान के पार्थिव देह को भी मौके से ले जाया गया है। शहीद विजय यादव को भैरमगढ़ थाने में गॉर्ड ऑफ़ ऑनर दिया जाएगा