सीबीएस प्रवेश-परीक्षा हेतु 25 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मूलविज्ञान केंद्र [सीबीएस] में संचालित हो रहे पंचवर्षीय एम.एस-सी. एकीकृत पाठ्यक्रम सत्र 2025-2026 में प्रवेश-परीक्षा हेतु आवेदन की प्रक्रिया 25 मार्च से आरंभ हो चुकी है। अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल पर 25 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। 2 मई से प्रवेश-पत्र डाउनलोड किया जा सकता है तथा 20 मई को प्रवेश-परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्रवेश-परीक्षा के फॉर्म पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.prsu.ac.in/ www.prsuuniv.in पर जाकर भरे जा सकते हैं तथा पाठ्यक्रम, प्रवेश-प्रक्रिया आदि की विस्तृत जानकारी को देखा जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए छात्र सेंटर फॉर बेसिक साइन्सेज कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। उच्च शिक्षा में अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास को बढ़ावा के लिए स्थापित इस विशिष्ट पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से ही छात्रों को प्रवेश दिया जाता है।
बारहवीं उत्तीर्ण हो रहे छात्रों के लिए यह सुनहरा अवसर है, जिसमें प्रवेश लेकर छात्र बी.एस-सी. आनर्स विथ सब्जेक्ट तथा संबंधित विषय में इंटीग्रेटेड एम.एस-सी. का उच्च स्तरीय पाठ्यक्रम पढ़कर भविष्य सवाँर सकते हैं। पूर्णतः आवासीय इस पाठ्यक्रम की कुल 60 (40 स्कालरशिप सीट + 20 पेमेंट सीट) सीटों में प्रवेश लिया जा सकेगा। इसमें 40 स्कालरशिप सीटों में प्रवेश प्राप्त सभी छात्रों को 5000 रुपये प्रति माह स्कालरशिप का प्रावधान है।