छत्तीसगढ़

पाकिस्तानियों को छत्तीसगढ़ से बाहर भेजने पर आज होगा अहम फैसला, गृह विभाग की कुछ देर में बैठक

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में पाकिस्तानी नागरिको को वापस भेजने को लेकर आज अहम फैसला होने जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ के गृह विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। जिसमें पाकिस्तान से भारत में आए हुए संदिग्ध लोगों की पहचान और उनके खिलाफ जांच प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जो इस गंभीर मुद्दे पर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, “आज की बैठक में विशेष रूप से उन लोगों को लेकर चर्चा होगी जो पाकिस्तान से भारत आए हैं और अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे संदिग्ध लोगों की जांच को लेकर एक स्पष्ट और मजबूत प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी।इस बैठक में पाकिस्तान से संबंधित मामलों को लेकर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के उपायों पर भी विचार होगा।

उन्होंने आगे कहा कि यह बैठक राज्य के गृह विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें ऐसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की जाएगी जो राज्य की सुरक्षा और शांति के लिए जरूरी हैं। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बैठक का परिणाम राज्य की सुरक्षा में एक नई दिशा देने वाला हो सकता है, और इसे जल्द ही लागू किया जाएगा।

यह बैठक राज्य की सुरक्षा स्थिति को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। साथ ही, छत्तीसगढ़ में ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की जा सकती है।